छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में रक्तदान, सिकल सेल परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का सफ़ल आयोजन

Spread the love

09.10.2025 FOURTHPILLARSNEWS

रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को रक्तदान हेतु प्रेरित करने के लिए 09 अक्टूबर गुरुवार को रक्तदान शिविर का महाविद्यालय परिसर में आयोजन किया गया । रक्तदान शिविर हेतु छात्रों को प्रेरित करते हुए गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन लिया गया था। जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। महाविद्यालय में सन 2011 से प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महाविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाजकार्य विभाग के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

काश फाउंडेशन’ एवं ‘बिलासा ब्लड बैंक’ (श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट) के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया गया

इस शिविर में रक्तदान के साथ-साथ सामान्य चिकित्सीय परामर्श तथा सिकल सेल परीक्षण भी किया गया। रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ महाविद्यालय के स्टाफ ने भी रक्तदान किया। कुल 132 विद्यार्थी रक्तदान के लिए उपस्थित हुए जिनमें परीक्षण उपरांत उपयुक्त पाए गए विद्यार्थियों एवं स्टाफ में से 71 लोगों ने रक्तदान किया। एकत्रित रक्त थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों को प्रदान किया जाएगा।

डॉ. संजय चंद्राकर ने 22 वीं बार, डॉ शशांक गुप्ता में 09 वीं बार रक्तदान किया।

महाविद्यालय से डॉ. वेनेंद्र साहू, लाइब्रेरियन श्री अजय मिश्रा, श्री संजय साहू, आदि ने भी रक्तदान किया। स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉ. पलाश सक्सेना एमडी मेडिसिन रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज रायपुर ने 79 महाविद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों को चिकित्सीय परामर्श दिया। सिकल सेल परीक्षण शिविर में पंडित जेएनएम मेडिकल कॉलेज, रायपुर के सिकल सेल परीक्षण टीम ने कुल 140 विद्यार्थियों का परीक्षण किया। परिणाम आने पर पॉजिटिव आए विद्यार्थियों को सूचित करने के साथ ही उनके चिकित्सा की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम रायपुर के सभापति महोदय श्री सूर्यकांत राठौर जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय श्री तपेश चंद गुप्ता के द्वारा की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभापति महोदय ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते है। क्योंकि एक इकाई रक्त एक साथ 03 लोगों के जीवन को बचाता है साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद है।

स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का शानदार आयोजन किया गया

प्राचार्य महोदय ने बताया की यह कार्यक्रम 14 वर्षों से प्रतिवर्ष महाविद्यालय परिसर में होता आया है । इससे पहली बार रक्तदान करने वाले छात्रों के बीच भय को दूर करने में मदद मिलती है, जिससे समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलती है, यह रक्तदान दूसरों को जीवन प्रदान करता है इससे समाज और देश के स्वास्थ्य जीवन को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है ।

यह अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है कि एक साथ सिकल सेल, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

रक्तदान जैसे शानदार पहल के लिए विभागाध्यक्ष डॉ. संजय चंद्राकर ने स्वयं रक्तदान करते हुए इसके कई फायदे बताये

विभागाध्यक्ष डॉ. संजय चंद्राकर ने स्वयं रक्तदान करते हुए रक्तदान के फायदे बताते हुए कहा कि महाविद्यालय का समाजशास्त्र और समाज कार्य विभाग 2011 से ही रक्तदान महादान को चरितार्थ करते हुए प्रतिवर्ष इस आयोजन को करवाता है । यह कार्यक्रम समाज कार्य के विद्यार्थियों में सेवा भावना को जागृत करता है । एक यूनिट रक्तदान से तीन जिंदगियाँ बचाई जा सकती हैं।

यह मानवता और सेवा का महान कार्य है। रक्तदान न केवल जीवन बचाता है बल्कि स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज कार्य विभाग के छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हेमंत नंदागौरी के नेतृत्व में सभी स्वयंसेवकों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को न केवल प्रोत्साहित किया बल्कि स्वयं रक्तदान कर उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान एवं स्वास्थ्य जाँच शिविर के समापन पर प्राचार्य डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों एवं विभागों की इस यादगार एवं सफल आयोजन में उनके योगदान के लिए सराहना की। उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों से भविष्य में भी छात्र कल्याण हेतु ऐसे सार्थक आयोजन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *