रायपुर, 26 नवंबर 2026/ धान के कटोरे के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ की कृषि संपदा अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल एवं अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे सुगंधित चावलों की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने की पहल
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने की दिशा में संस्थागत व्यवस्थाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन में की महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा
छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के नेतृत में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल की फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ श्री रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक हुई। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी एवं संचालक कृषि श्री राहुल देव शामिल थे। इस अवसर पर भारत से विदेश सेवा के अधिकारी काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया सुश्री आर्स निसार, भी उपस्थित थी।
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं तथा यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जेप्टरों ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।गौरतलब है कि उक्त संस्था भारत सहित विभिन्न देशों व राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करती है। देश के मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में समन्वय के बाद इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों एवं निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिलने की संभावना है।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा कृषि निर्यात की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को केवल विदेशी बाजार ही नहीं, बल्कि एक विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकेगी।
धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक छत्तीसगढ़ की यह यात्रा प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और किसानों की आर्थिक समृद्धि के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।




