Fourth pillars News Update 15.11.2026
भगवान बिरसा मुंडा (15 नवंबर 1875- 9 जून 1900)
भारत की माटी में कुछ ऐसी महान विभूतियों ने जन्म लिया, जिन्होंने अपने संघर्ष और बलिदान से इतिहास की धारा बदल दी। भगवान बिरसा मुंडा ऐसी ही एक अमर विभूति हैं। ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’…. यानी अपना देश, अपना राज। इसी उद्घोष के साथ उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ उलगुलान यानी महान विद्रोह का शंखनाद किया। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की मशाल जलाई। उनका आंदोलन अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ बगावत नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और स्वशासन की रक्षा का महासंग्राम था।

यही कारण है कि जनजातीय समाज उन्हें श्रद्धा से धरती आबा यानी धरती का पिता कहकर पुकारता है।
15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने बचपन से ही सामाजिक विषमता और अंग्रेजी शासन के अत्याचारों को करीब से देखा।
चाईबासा में शिक्षा के दौरान उनके भीतर अन्याय के विरुद्ध विद्रोह की चेतना विकसित होने लगी। आदिवासियों के शोषण, धर्मांतरण के दबाव और उनकी परंपराओं पर हो रहे प्रहार के खिलाफ उन्होंने आवाज बुलंद की। वर्ष 1895 में ब्रिटिश सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जेल की सलाखें भी उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकीं। रिहाई के बाद उन्होंने अपने आंदोलन को नई धार दी। देखते ही देखते उलगुलान की गूंज पूरे जनजातीय अंचल में फैल गई।
आदिवासियों का प्रतिरोध अंग्रेजी हुकूमत के लिए बड़ी चुनौती बन गया। अंततः अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर रांची जेल में बंद कर दिया।

9 जून 1900 को जेल में ही उनका निधन हो गया। महज 24 वर्ष की आयु में उनका जीवन भले ही थम गया, लेकिन जनजातीय अधिकारों और स्वाभिमान के लिए उनका संघर्ष अमर हो गया।
धरती आबा के इसी त्याग, तपस्या और संघर्ष को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। यह अभूतपूर्व पहल जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को देश के सुनहरे इतिहास में प्रतिष्ठित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी महत्वाकांक्षी पहलें शुरू की गईं। इनके माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों और जनजातीय बहुल गांवों तक आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन भी जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के संकल्प को संगठन की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान देते हैं।

छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान की गौरवशाली गाथाओं की साक्षी रही है।
शहीद वीर नारायण सिंह, गैंद सिंह और गुण्डाधुर जैसे जननायकों ने ब्रिटिश शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। इस विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय एक ऐतिहासिक पहल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 1 नवंबर 2025 को इसका लोकार्पण किया। यहां हल्बा क्रांति, परलकोट विद्रोह और भूमकाल क्रांति सहित छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत किया गया है।
वहीं नियद नेल्लानार जैसी पहल और शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा आजीविका से जुड़ी योजनाओं के जरिए दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।





