टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने वाले तीनों संदिग्ध शूटर्स पुलिस की गिरफ्त में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम 07 बजे मुंबई में हुई गोलीबारी के मामले में तीन संदिग्ध आरोपी कोटा पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा सिटी पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (22) और रेहान (18) के रूप में हुई है। जबकि तीसरा एक 17 वर्षीय नाबालिग है। इनमें से यह नाबालिग और रेहान, दोनों हरियाण के सोनीपत जिले से हैं। जबकि ऋतिक कुमार उर्फ रोशन मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला है।
पुलिस यह पता लगा रही हैं कि हमले के लिए इसी दिन और इसी जगह को चुनने के पीछे और क्या योजना थी।सोर्स : नवभारत टाइम्स.कॉम

कोटा पुलिस ने खुलासा किया कि वारदात को अंजाम देने से पहले टाइगर श्रॉफ की 15 दिनों तक रेकी गई थी। यही नहीं, इनमें से रेहान की भूमिका मुख्य है, जो गैंगस्टर अनिल पंडित को टेलीग्राम और सिग्नल ऐप के जरिए लगातार लोकेशन भेज रहा था। पुलिस के मुताबिक, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास गिल बर्ली इलाके में रह रहा है। वह रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है। बाकी के दो यानी रेहान और एक नाबालिग मजदूरी करते हैं। तीनों रविवार शाम को वारदात को अंजाम देने के बाद मुंबई से दिल्ली और फिर नेपाल भागने की फिराक में थे।
तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, आरोपियों की कोशिश दिल्ली से नेपाल भागने की थी। तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मुंबई पुलिस की टीम ट्रांजिट रिमांड पर तीनों को लेकर मुंबई गई।पुलिस के मुताबिक, टेलीग्राम और सिग्नल ऐप से रेहान लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पंटर अनिल पंडित के संपर्क में था। ये लोग योजना को अंजाम देने के लिए इन्हीं ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसकी जांच जारी है। रेहान पर आरोप है कि उसने ही नाबालिग को वारदात के लिए हायर किया, जबकि लोकल लॉजिस्टिक के रोशन को एक अन्य व्यक्ति के जरिए टीम में लिया। हालांकि, गोलीबारी के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जानकारी पुलिस ने नहीं दी।
टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए आखिर 18 अक्टूबर को ही क्यों चुना गया?जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को बांद्रा के कार्टर रोड और वाकोला में CJP समर्थकों की तिरंगा रैली को लेकर पुलिस की तैनाती और गतिविधियां बढ़ी हुई थीं। दूसरी ओर, टाइगर श्रॉफ जिस पुष्पा पार्क नामक जगह पर पहुंचे थे, वह जुहू पुलिस स्टेशन से करीब 350 मीटर की दूरी पर है। यह इलाका पॉश और अपेक्षाकृत शांत है, इसलिए यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कम रहती है। लेकिन पुलिस की गश्ती नियमित रूप से होती है। सूत्रों का दावा है कि संदिग्धों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया और प्रशंसकों की भीड़ में घुल-मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को टाइगर श्रॉफ के वहां आने की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।



