FOURTH PILLARS NEWS UPDATE 20.04.2026
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्थान की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के बाद जोधपुर में सिलाई का काम करने वाले परिवार की हर तरफ चर्चा हो रही है। क्योंकि लेडीज टेलर का काम करने वाला बेटा अब SDM अफसर बनेगा। जोधपुर के महेंद्र भाटी ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि हालात चाहें जैसे भी हों अगर आपके अंदर जीत का जुनून जिंदा है और लक्ष्य को पाने का दृढ़ निश्चय है तो आपको कोई नहीं हरा सकता है।
राजस्थान के जोधपुर की गलियों में सिलाई मशीन की खट-खट अब विजय गान में बदल चुकी है. कठिन हालातों में बुना कामयाबी का ताना-बाना.

यही वजह है कि जिन्हें लोग अब तक लेडीज टेलर के नाम से जानते थे, उन्हें अब SDM पद के नाम से जानेंगे।
दरअसल, राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने 18 अप्रैल 2026 को राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा (RAS) 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। आरएएसी रिजल्ट जारी होने के बाद क्वालीफाई हुए उम्मीदवारों के संघर्ष और कठिनाइयों की कहानी सामने आ रही हैं। उन्हीं में एक नाम महेंद्र भाटी का भी है। जिन्होंने न सिर्फ आरएएस एग्जाम में सफलता प्राप्त की है, बल्कि राज्य में 72वां स्थान प्राप्त किया है।
महेंद्र भाटी की सक्सेस स्टोरी उन तमाम युवाओं को प्रेरित कर रही है जिनके कंधों पर जिम्मेदारियों का बोझ है, लेकिन आंखों में कुछ बनने के सपने हैं।
दूसरी बार RAS एग्जाम क्रैक करने वाले महेंद्र भाटी जोधपुर के बहुत साधारण परिवार से आते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार सिलाई का काम करता है। उनके पिता, मां, भाई और भाभी, सभी सिलाई का काम करते हैं। वह खुद भी इस काम से जुड़े रहे हैं। महेंद्र खुद भी लड़कियों के कपड़े सिलाई का काम करते आ रहे हैं। परिवार की जिम्मेदारियां भी बांटनी थीं और अपना करियर भी बनाना था। महेंद्र ने दोनों को चुना। सिलाई मशीन कभी-कभी स्टडी टेबल बन जाती थी। उन्होंने कपड़े भी सिले और पढ़ाई भी की। सुबह जल्दी उठकर या शाम को जब भी समय मिलता, वे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लग जाते थे।
महेंद्र भाटी अपनी तमाम जिम्मेदारियों को संभालते हुए कामयाबी हासिल की है।
यह पहली बार नहीं है जब महेंद्र भाटी ने राजस्थान की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा पास की है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2023 की मेरिट लिस्ट में भी उनका नाम था। पिछली बार उनकी 1323वीं रैंक आई थी। उन्होंने रैंक सुधारने के लिए फिर से आरएएस की प्रिपरेशन के लिए किताबें उठाईं और सफल हुए। आरएएस मेन्स में उन्हें 249 नंबर और इंटरव्यू में 53 नंबर मिले हैं। 900 में 302 नंबर लाकर उन्होंने 2024 की आरएएस परीक्षा में 72वीं रैंक हासिल की है।




