रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में आज पांच शोधार्थियों का पीएचडी छमाही प्रगति प्रतिवेदन एवं शोध प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर शोधार्थियों ने अपने-अपने शोध विषयों पर अब तक किए गए कार्यों, शोध की प्रगति, प्राप्त निष्कर्षों तथा आगामी शोध कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम में डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता, अपर संचालक, छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग एवं शोध निर्देशक, डॉ. गिरीशकांत पांडेय, प्राचार्य, छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर तथा वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. पाण्डेय ,डॉ. अशोक शर्मा ,डॉ. मोना जैन,डॉ.अनूप परसाई, डॉ. सुनीता दुबे, डॉ. मोना चौहान, डॉ. श्वेता तिवारी, डॉ. आराधना शुक्ला, डॉ. निधी शुक्ला,श्री हुकुमचंद जैन, श्री रेणु कुमार यादव,श्रीमती पिंकी गर्ग एवं डॉ.हेमलता साहू आदि शोध निर्देशक एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।


इस अवसर पर विद्वानों ने शोधार्थियों के प्रस्तुतिकरण को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके शोध कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने शोधार्थियों द्वारा प्रस्तुत शोध विषयों, अध्ययन पद्धति, तथ्यों के विश्लेषण एवं शोध की दिशा पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किए। साथ ही शोध कार्य में अकादमिक गुणवत्ता, मौलिकता, प्रमाणिक आंकड़ों एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।

डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने शोधार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएचडी शोध केवल उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह ज्ञान के विस्तार, सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं के समाधान तथा नए विचारों के सृजन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। शोधार्थियों को रिसर्च मेथोडोलॉजी और विभिन्न टूल्स का उपयोग करने के साथ अपने विषय का गहन अध्ययन करते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और शोध की गुणवत्ता बनाए रखनी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. गिरीशकांत पांडेय के द्वारा शोधार्थियों के प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए बताया गया कि उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में शोधार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गुणवत्तापूर्ण शोध से न केवल अकादमिक जगत समृद्ध होता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास को भी नई दिशा मिलती है। उन्होंने शोधार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में अपने शोध कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में विभागाध्यक्ष वाणिज्य संकाय डॉ. डी.के. पाण्डेय ने शोधार्थियों को शोध की विषयवस्तु, तथ्यों की विश्वसनीयता, विश्लेषण की तार्किकता तथा निष्कर्षों की प्रासंगिकता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शोध कार्य में निरंतरता, गंभीरता और मौलिक चिंतन सफलता के प्रमुख आधार हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्वानों ने शोधार्थियों के प्रयासों एवं प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि वे अपने शोध कार्यों को उत्कृष्ट अकादमिक स्तर तक पहुंचाते हुए शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे।
अंत में डॉ. अशोक शर्मा के द्वारा छमाही प्रगति प्रतिवेदन एवं शोध प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम के लिए अपने शोध कार्यों की समीक्षा, अनुभव साझा करने तथा विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने हेतु उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया । कार्यक्रम का संचालन श्री रेणु कुमार यादव के द्वारा किया गया।



