शासकीय जे. योगानंदम् छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय गणित दिवस पर भव्य आयोजन

Spread the love

रायपुर, 18 फरवरी 2026 शासकीय जे. योगानंदम् छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर दिनांक 18.02.2026 को गणित विभाग द्वारा एक भव्य एवं शिक्षणोपयोगी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। पूरे समारोह में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और विविध गतिविधियों ने आयोजन को अत्यंत यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नियति गुरुद्वान ने अत्यंत रोचक एवं प्रभावशाली शैली में किया। प्रारंभ में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “भारतीय ज्ञान परंपरा में गणित का योगदान” विषय पर आत्मविश्वास एवं स्पष्टता के साथ अपने विचार व्यक्त किए। निर्णायक मंडल में डॉ. सुभद्रा राठौर, डॉ. अंजली भटनागर तथा डॉ. रत्नमाला गंजीर उपस्थित रहीं।

डॉ. सुभद्रा राठौर ने मंच से प्रतिभागियों को भाषण कला, अभिव्यक्ति, प्रस्तुति शैली एवं विषय-वस्तु से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की उपयोगी जानकारी भी प्रदान की।

प्रतिभागियों ने टीमों में मिलकर पहेलियाँ और गणनात्मक चुनौतियाँ हल कीं, जिससे वातावरण में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और आनंद का संचार हुआ।

विद्यार्थियों को गणित के माध्यम से विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने और जीवन की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया

इसके पश्चात गणितीय अभिरुचि परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कक्षाओं एवं संकायों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी तार्किक क्षमता और समस्या-समाधान कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से छात्रों ने गणितीय सिद्धांतों, अवधारणाओं एवं उनके आधुनिक उपयोगों को रचनात्मक और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। गणित को रोचक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गणितीय अवधारणा आधारित खेल भी आयोजित किए गए.

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का आधार है।

कार्यक्रम का समापन डॉ. मंजू वर्मा के प्रेरणादायी संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों को गणित के प्रति निरंतर जिज्ञासु एवं समर्पित बने रहने के लिए प्रेरित किया। (डाॅ. तपेश चंद्र गुप्ता ) प्राचार्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *