FOURTHPILLARSNEWS 17-11-25
बिहार में नई सरकार के गठन पर एनडीए गठबंधन के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। पटना और नई दिल्ली में एनडीए गठबंधन के सदस्यों के बीच विचार-विमर्श और बैठकों का दौर जारी है। कैबिनेट के गठन और मंत्रिपरिषद् में विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधित्व सहित कई मुद्दों पर चर्चा जारी है। विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 89 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19 सीटें जीती हैं, वहीं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें हासिल की हैं।
जनता दल यूनाइटेड विधायक दल आज पटना में अपना नेता चुनने के लिए बैठक करेगा। जनता दल यूनाइटेड के नवनिर्वाचित 85 विधानसभा सदस्यों के सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पार्टी का नेता चुनने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी भी आज अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। इसके बाद एनडीए की बैठक का आयोजन किया जाएगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

एनडीए के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही नई सरकार के गठन का दावा पेश किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज मौजूदा सरकार के मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक होगी। बैठक में मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की जाएगी ताकि नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इधर, नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां भी शुरू हो गई है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होने की संभावना है।
इस बीच, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कल पटना के राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान को नवनिर्वाचित 243 विधायकों की सूची सौंपी। इस सूची में एनडीए के 202, महागठबंधन के 34, एआईएमआईएम, इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सहित सभी नवनिर्वाचित विधायकों के नाम शामिल हैं। इस बीच निर्वाचन आयोग ने चुनाव और उपचुनाव के बाद बिहार, छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से आदर्श आचार संहिता हटा ली है। आयोग ने इस संबंध में केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव और संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। बिहार विधानसभा चुनाव, छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के आठ निर्वाचन क्षेत्रों के उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू की गई




