
रायपुर, 08 नवंबर 2024/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण करते हुए बलौदाबाजार में बीएड महाविद्यालय प्रारंभ करने और ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए 60 करोड़ 20 लाख रूपए की लागत के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इन कार्यों में से 32 करोड़ 32 लाख रूपए की लागत के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 27 करोड़ 88 लाख रूपए की लागत के 32 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े और विधायक गुरू श्री खुशवंत साहेब भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बलौदाबाजार संतों गुरुओं और वीरों की धरा है। अनेक पंथ और आस्था को मानने वाले लोग यहां सौहार्दपूर्वक रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस जिले क़ा निर्माण किया तब से यह जिला विकास के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार पिछले 10 महीने में लगातार प्रदेश एवं प्रदेश के लोगों के हित में मोदी जी की गारंटी पूरी कर रही है। उद्योेगों को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति बनाई गई है। विभिन्न स्वीकृतियों की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है।
