ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत.

Spread the love

अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में; ईरान में 40 दिन के राजकीय शोक की घोषणा। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि खामेनेई की मौत ईरानी जनता के लिए अपने देश को वापस लेने का बड़ा अवसर है। अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा कि बमबारी पूरे सप्ताह या उससे भी अधिक समय तक जारी रहेगी। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, हमलों में ईरान के लगभग 40 अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है ईरान और इस्राएल के बीच बढ़ते तनाव के कारण आज चार सौ 44 उड़ानें रद्द होने की संभावना है


ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत अमरीका और इस्राएल के संयुक्त हवाई हमले के बाद हुई है, जिसमें ईरानी सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया। एक वरिष्ठ इस्राएली अधिकारी के अनुसार, खामेनेई का शव बरामद कर किया गया है। इससे पहले, राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यमिन नेतन्याहू ने कहा था पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ गया और पूरे क्षेत्र में व्यापक जवाबी कार्रवाई हुई। ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालयों के पास तेहरान समेत कई शहरों में विस्फोटों की खबर मिली। ईरान सरकारी मीडिया ने कम से कम दो सौ एक लोगों की मौत और सात सौ से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना दी है।


इस तनाव के कारण कई देश भी प्रभावित हुए हैं, अबू धाबी, बहरीन और कुवैत में भी विस्फोटों की सूचना मिली है। संयुक्त अरब अमीरात, कतर और कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। दुबई हवाई अड्डे पर उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। इराक ने भी अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कल क्षेत्रीय तनाव के बीच, खाड़ी देशों के कई विदेश मंत्रियों से बातचीत की और संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में अपनी बातचीत साझा की।

डॉ. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल-नाहयान के साथ खाड़ी क्षेत्र की बदलती स्थिति पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत इस बिगड़ती स्थिति से चिंतित है। उन्होंने भारतीय समुदाय के कल्याण के प्रति संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री की प्रतिबद्धता की सराहना की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने सऊदी अरब के विदेश मंत्री शहजादे फैसल बिन फरहान से भी खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और भारतीय समुदाय की सुरक्षा में भारत की रुचि पर बल दिया। विदेश मंत्री ने कल शाम कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी से भी बात की।

उन्हें कतर की स्थिति से अवगत कराया गया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर दिए गए उनके आश्वासन का वे सम्मान करते हैं। डॉ. जयशंकर ने बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुललतीफ बिन राशिद अल ज़ायनी से क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात चिंता का विषय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बहरीन सरकार ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्री ने कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह से भी बात की। डॉ. जयशंकर ने तनाव बढ़ने पर भारत की चिंता का उल्‍लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए कुवैत के विदेश मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की वे सराहना करते हैं।

पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों से क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास ने देश में अस्थायी रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों से अपनी पिछली सलाह का पालन करने और समय पर सहायता और संचार की सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करने का अनुरोध किया है।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इसके साथ ही अबू धाबी, रियाद, दोहा, दमिश्‍क, बगदाद, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास ने मौजूदा भारतीय नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है ईरान और इस्राएल के बीच बढ़ते तनाव के कारण आज चार सौ 44 उड़ानें रद्द होने की संभावना है।

मंत्रालय ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय-डी.जी.सी.ए यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस के साथ मिलकर काम कर रहा है।

एयर इंडिया ने आज रात 11 बजकर 59 मिनट तक इस क्षेत्र के सभी गंतव्यों के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं। एक अन्य परामर्श में, एयर इंडिया ने कहा कि आज के लिए निर्धारित 28 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरश ने ईरान पर अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमलों की निंदा की है। उन्‍होंने खाड़ी क्षेत्र तथा विश्व को एक बड़े युद्ध से बचाने के लिए तत्काल बातचीत शुरू करने का आह्वान किया है। श्री गुतेरश ने कहा कि अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमले संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत,40 दिन का राष्ट्रीय शोक



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *