वॉशिंगटन: भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहकर्मी बुच विल्मोर, निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी कर ली है। नासा के स्पेसएक्स क्रू-9 मिशन के चार सदस्यों ने भारतीय समयानुसार बुधवार को 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर लैंड किया। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने 6 जून 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान पर सवार होकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए अपना मिशन शुरू किया था।

नासा ने सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी का सीधा प्रसारण किया है। अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी पर दुनियाभर की नजरें थीं। सब उनकी सुरक्षित वापसी के लिए दुआ कर रहे थे।
समुद्र में यान के उतरने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों का स्वागत नियंत्रण केंद्र से इस संदेश के साथ किया गया, “निक, एलेक, बुच, सुनी – स्पेसएक्स की ओर से घर में आपका स्वागत है।” कमांडर निक हेग ने जवाब दिया, “क्या शानदार यात्रा है।”

इसके बाद रिकवरी टीम अपनी तेज नावों में सवार होकर कैप्सूल के पास पहुंची और उसमें हार्नेस लगाई। रस्सियों का उपयोग कैप्सूल को रिकवरी वेसल तक खींचने के लिए किया जाता है। इसके बाद स्पेसएक्स का रिकवरी वेसल यान तक पहुंचा। कैप्सूल के रिकवरी वेसल पर चढ़ाया गया और फिर खोलने से पहले धोया गया। रिकवरी वेसल का नाम मेगन है, जिसका नाम नासा की अंतरिक्ष यात्री मेगन मैकआर्थर के नाम पर रखा गया है।





