प्रधानमंत्री मोदी ने आज असम के कलियाबोर में रखी काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज असम के नागांव जिले के कलियाबोर में 6 हजार 9 सौ 50 करोड़ रूपये से अधिक की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी। राष्‍ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत लगभग 86 किलोमीटर लम्‍बी यह कॉरिडोर परियोजना पर्यावरण अनुकूल है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा इस परियोजना का उद्देश्‍य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार करते हुए उद्यान की समृद्ध जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित करना है।

राज्‍य सरकार प्रमुख स्‍थलों को अतिक्रमण से मुक्त करा रही है।

कालियाबोर से नुमालीगढ़ तक लगभग 90 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। इस पर लगभग 7000 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे।

35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन्य जीव कॉरिडोर भी बनाया जाएगा यहां गाडियां ऊपर से गुजरेगी और नीचे वन्य जीवों की आवाजाही बिना किसी बाधा के बनी रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना नागांव, कार्बी आंगलोंग तथा गोलाघाट जिलों से गुजरेगी और इससे डिब्रूगढ़ तथा तिनसुकिया समेत ऊपरी असम की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। उन्‍होंने कहा कि काजीरंगा असम की आत्‍मा है और हाल के वर्षों में यहां पर्यटकों की संख्‍या में वृद्धि हुई है। काजीरंगा केवल एक नेशनल पार्क नहीं है। काजीरंगा तो असम की आत्‍मा है आत्‍मा। ये भारत की भारत की बायोडायर्सिटी का एक अनमोल रत्‍न भी है। यूनेस्‍को ने इसे वर्ल्‍ड हेरिटेज साइट का दर्जा दिया है। काजीरंगा और यहां के वन्‍य जीवों को बचाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं है यह हमारा दायित्‍व भी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में भाजपा सरकार जिस तरह से घुसपैठ की समस्या से निपट रही है, वनों का संरक्षण कर रही है और धार्मिक, सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक स्थलों की रक्षा कर रही है वो सराहनीय है।

आज असम में बीजेपी सरकार घुसपैठ से निपट रही है। जिस प्रकार हमारे जंगलों को ऐतिहासिक सांस्‍कृतिक स्‍थलों को आप लोगों की जमीनों को अवैध कब्‍जों से मुक्‍त कर रही है। उसकी आज बहुत प्रशंसा हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा देश में पहली पसंद बन गई है और पिछले डेढ़ वर्ष में भाजपा पर देश का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। श्री मोदी ने कहा कि हाल ही में बिहार के चुनाव और महाराष्ट्र निगम चुनाव में जनता ने पार्टी को रिकॉर्ड जनादेश दिया है। कांग्रेस से आपको बहुत सावधान रहना है। कांग्रेस की एक ही रीति है घुसपैठियों की मदद से सत्ता पाओ । बिहार में भी इन्‍होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए रैलियां निकाली लेकिन बिहार की जनता ने कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर दिया। अब असम की जनता की बारी है मुझे विश्‍वास है असम की धरती से भी कांग्रेस को करारा जवाब मिलेगा। प्रधानमंत्री ने असम के नागांव जिले में कलियाबोर से दो नई अमृत भारत एक्‍सप्रेस रेलगाड़ियों को झंडी भी दिखाई। ये रेलगाडियां – कामाख्या-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-लखनऊ गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस हैं।

इस अवसर पर असम के मुख्‍यमंत्री हिमंता बिस्‍वा सरमा और भारतीय जनता पार्टी के सांसद कामख्‍या प्रसाद तासा भी उपस्थित थे


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *