शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

Spread the love

रायपुर, 18 नवंबर 2026। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में जनजातीय गौरव माह के अंतर्गत 18 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका तथा जनजातीय अस्मिता और गौरव के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्वतंत्र शोधार्थी श्री ऐश्वर्य पुरोहित उपस्थित रहे।

उन्होंने अपने व्याख्यान में भारतीय संस्कृति की विविधता, जनजातीय समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा ‘जनजाति’ शब्द की अवधारणा एवं अर्थ पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि, जनजातीय समाज की उत्पत्ति, उनकी परंपराओं, सामाजिक संरचना, प्रकृति के साथ उनके सहअस्तित्व और भारतीय सभ्यता में उनके योगदान को रेखांकित किया। व्याख्यान के दौरान अंग्रेजों की कर व्यवस्था, औपनिवेशिक आर्थिक नीतियों, वेल्थ ड्रेन अर्थात भारत की संपत्ति के ब्रिटेन की ओर हस्तांतरण, ब्रिटिश जमींदारी व्यवस्था तथा जनजातीय क्षेत्रों पर औपनिवेशिक शासन के प्रभावों का विश्लेषण किया गया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों की शोषणकारी नीतियों ने जनजातीय समाज के जीवन, संसाधनों और पारंपरिक व्यवस्थाओं को प्रभावित किया, जिसके विरुद्ध जनजातीय समुदायों ने संघर्ष और प्रतिरोध का मार्ग अपनाया।

श्री पुरोहित ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए जनजातीय वीरों, उनके संघर्षों और बलिदानों को स्मरण किया।

उन्होंने शबरी और एकलव्य जैसे चरित्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति में जनजातीय समाज की नैतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को प्रस्तुत किया। साथ ही, जनजातीय गौरव दिवस के मूल उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए सहयोग, सामुदायिक सहभागिता, सांस्कृतिक संरक्षण और जनजातीय क्षेत्रों में परंपराओं एवं मूल्यों को सहेजने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कांत पांडेय ने की।

अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने भारत की स्वतंत्रता में जनजातीय समाज के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनजातीय समुदायों का इतिहास संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति की गौरवशाली गाथा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, नेतृत्व और अंग्रेजों के विरुद्ध उनके संघर्ष का उल्लेख किया। प्राचार्य ने अंग्रेजी शासनकाल में वनवासी समाज पर किए गए अत्याचारों तथा इन अत्याचारों के विरोध में जनजातीय समुदायों द्वारा किए गए आंदोलनों और प्रतिरोध की चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को अपने देश के इतिहास के इन महत्वपूर्ण पक्षों से परिचित कराया। उन्होंने नई पीढ़ी से जनजातीय गौरव, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक योगदान के प्रति जागरूक रहने तथा इन मूल्यों को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाने का आह्वान कियाl

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल रामटेक द्वारा किया गया। आयोजन समिति की संयोजक डॉ. झरना रानी नाग सहित डॉ. भूपेंद्र करवन्दे, डॉ. अनिल रामटेक, डॉ. यामिनी ठाकुर एवं डॉ. अरुण ठाकुर की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। इस अवसर पर श्री रेणु कुमार यादव, डॉ. पारमिता दुबे, डॉ. नीरज सेन, डॉ. भुनेश्वरी वर्मा, डॉ. नीति गुरुद्वान, डॉ. गोवर्धन व्यास सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की संयोजक डॉ. संध्या साहू तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी कार्यक्रम में सहभागी बने।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. यामिनी ठाकुर ने आभार व्यक्त किया। जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन विद्यार्थियों में जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान एवं जागरूकता विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *