बलौदाबाजार,12 सितम्बर 2026/ केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन-जन तक सटीक जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को जिला स्तरीय क्रिएटर एवं इन्फ्लुएंसर मीटअप का आयोजन किया गया। इस मीटअप में जिले के लगभग 50 प्रमुख सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की भूमिका अहम- कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स अपनी रील्स, व्लॉग्स और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने कहा कि शासन-प्रशासन जनता के लिए ही कार्य करता है और हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में वंचित न रहे, इसमें स्थानीय क्रिएटर्स एक मजबूत सेतु का कार्य कर सकते हैं।
तकनीकी सत्र एवं साइबर सुरक्षा वर्कशॉप-कार्यक्रम के दौरान क्रिएटर्स के कौशल विकास के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।

सुमित साहू ने बेहतर बी-रोल फुटेज लेने, लोगों से सहज संवाद करने और उनकी वास्तविक व भावनात्मक कहानियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के गुर सिखाए।मनीष राठौर ने कैमरा, वीडियोग्राफी की बारीकियों और आधुनिक कंटेंट क्रिएशन गैजेट्स के सही उपयोग की जानकारी दी।साइबर विशेषज्ञ विकास शर्मा ने फिशिंग, हैकिंग और डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए तथा सोशल मीडिया अकाउंट्स को सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स साझा किए।
उपस्थित सभी क्रिएटर्स ने जिला एवं पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए जनहित में शासकीय योजनाओं और साइबर सुरक्षा से जुड़ी रील्स व संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता जताई।
क्रमांक /49




