नोएडा एयरपोर्ट विमान सेवा के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आकासा, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ करार किया है. इंडिगो शुरुआत में देश के 20 से 25 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू कर सकती है. उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है. राज्य को एक और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मिलने जा रहा है. यह एयरपोर्ट दिल्ली से सटे नोएडा स्थिति जेवर में बना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे के करीब इस एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही यूपी देश का पहला ऐसा राज्य हो जाएगा, जहां सबसे अधिक अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं. राज्य में अभी चार अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है लेकिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही यह संख्या 5 हो जाएगी.
कब से शुरू होगी उड़ान सेवा………..?

आधिकारिक तौर पर अभी किसी तारीख की घोषणा नहीं की गई है,लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल से फ्लाइट ऑपरेशन हवाईअड्डे से शुरू हो सकता है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयरोड्रम लाइसेंस मिलने और फ्लाइट सर्विस शुरू होने में आमतौर पर 45 दिनों का अंतर होता है. इस दौरान विमानन कंपनियां समेत सभी एजेंसी एयरपोर्ट के कमर्शियल ऑपरेशन के लिए अपनी तैयारी कर लेती हैं. अधिकारी ने कहा कि इस एयरपोर्ट को 11 मार्च को एयरोड्रम लाइसेंस मिला है. ऐसे में अब अप्रैल माह के आखिरी हफ्ते या मई की शुरुआत में इस एयरपोर्ट पर उड़ाने शुरू होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी के समर शेड्यूल में जेवर एयरपोर्ट से फ्लाइट ऑपरेशन को शामिल नहीं किया गया है,लेकिन इसे कभी भी बदला जा सकता है.
ये एयरलाइन्स शुरू करेंगी उड़ान सेवा

विमान सेवा के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आकासा, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ करार किया है. इंडिगो शुरुआत में देश के 20 से 25 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू कर सकती है. उन्होंने कहा कि एनसीआर के दूसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरुआत में यात्रियों को केवल देश के शहरों को ही विमान सेवा की सुविधा मिलेगी. छह माह के बाद अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू होगी.
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रतिदिन 150 यात्री विमान सेवा उपलब्ध होंगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ फ्लाइट की संख्या में भी इजाफा होगा. एयरपोर्ट से शुरुआत में सालाना 50 से 60 लाख यात्रियों के सफर करने का अनुमान है. हालांकि, एयरपोर्ट की टर्मिनल क्षमता सालाना 1.20 करोड़ यात्रियों की है.
किन शहरों के लिए होगी कनेक्टिविटी………….?
एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों कि मानें तो शुरुआत में मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ,अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर, वाराणसी, भोपाल, जम्मू के उड़ान सेवा शुरू होगी. टिकट बुकिंग कब शुरू होगी…? अधिकारियों का कहना है कि उड़ानें शुरू होने का शेड्यूल जारी करने के साथ ही एयरलाइंस अपना शेड्यूल जारी करेंगी और तभी टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी,लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी.



