FOURTHPILLARSNEWSUPDATE 14.01.2026
देशभर में आज मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मकर संक्रांति सर्दियों के अंत और लंबे दिनों की शुरुआत का प्रतीक है। देश के विभिन्न हिस्सों में इस त्योहार को अलग-अलग नामों से जाना जाता है। तमिलनाडु में इसे पोंगल, गुजरात में उत्तरायण, असम में भोगाली बिहू और पश्चिम बंगाल में इसे पौष संक्रांति कहते है। उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति के अवसर पर हजारों श्रद्धालु नदियों में पवित्र स्नान कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालु सुबह से ही राज्य की प्रमुख नदियों के किनारे स्नान और दान पुण्य कर रहे हैं।

हालांकि राज्य के कई हिस्सों में मकर संक्रांति जो कि माघ मेले का दूसरा महत्वपूर्ण स्नान है कल मनाया जाएगा। प्रयागराज के माघ मेला क्षेत्र में स्नान के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। कुल 12,100 फीट लंबाई में स्नान के लिए घाटों का निर्माण किया गया है, जिनमें चेंजिंग रूम, पूल, कियोस्क, शौचालय आदि सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
उत्तरायण उत्सव आज गुजरात में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुजरात में यह उत्सव रंग-बिरंगी पतंगें उड़ाकर मनाया जाता है।

अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव की भव्य शुरुआत के साथ साबरमती रिवरफ्रंट के ऊपर आसमान विभिन्न रंगों और आकृतियों से सराबोर हो गया है । इस उत्सव में भाग लेने के लिए दुनिया भर से पतंगबाज गुजरात पहुँच रहे हैं। इस वर्ष, अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में एक हजार से अधिक पतंग प्रेमी हिस्सा ले रहे हैं जिनमें पचास देशों के एक सौ पैंतीस अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इस वर्ष का महोत्सव भारत–जर्मनी मित्रता के प्रतीक के रूप में भी मनाया जा रहा है। उदयपुर, राजस्थान से आए पतंगबाज प्रवीण कुमार ने इस अवसर पर खुशी व्यक्त की।





अहमदाबाद इस पूरे उत्सव का केंद्र बना हुआ है और आज शाम को यहाँ का प्रतिष्ठित ‘नाइट काइट फ्लाइंग‘ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। अहमदाबाद के साथ–साथ यह महोत्सव राजकोट, सूरत और कच्छ के ऐतिहासिक स्थल धोलावीरा, वडनगर, शिवराजपुर और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। आसमान में पतंगों के प्रदर्शन के साथ–साथ, यह महोत्सव गुजरात की समृद्ध स्थापत्य और कलात्मक विरासत एक भव्य प्रदर्शन भी कर रहा है।

इस अवसर पर केंन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात की तीन दिन की यात्रा पर हैं। वे अहमदाबाद में ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर का दर्शन करेंगे। श्री शाह बाद में पतंग उत्सव मनाने के लिए अपने निर्वाचन विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे। तेलंगाना में तीन दिन का मकर संक्रांति पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ भोगी उत्सव मनाए जाने के साथ शुरू हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि फसल कटाई के बाद का तीन दिन का यह त्यौहार राज्य में विशेष रूप से गामीण क्षेत्रों में मनाया जा रहा है।
पहले दिन का संक्रांति उत्सव आज सुबह–सुबह जलाई गई एक अलाव से भोगी मंतालू के साथ शुरू हुआ। बच्चों के साथ मिलकर लोगों ने अपने आंगन, सड़क किनारे और चौराहों पर अलाव जलाई।
इस बीच, रंग बिरंगी पतंगों से भरा हैदराबाद का आकाश सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में कल शाम तेलंगाना अंतराष्ट्रीय पतंग उत्सव की शुरूआत के बाद राजधानी शहर लोगों के आकर्षण का केन्द्र बन चुका है। लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज। तमिलनाडु में आज शाीतकालीन मार्गाज़ी माह के अंतिम दिन भोगी पर्व मनाया जा रहा है। लोग अपने घरों से पुरानी चीजें निकालकर घर के सामने बेकार पड़ी चीजों को जलाते हैं।
इस अवसर पर श्रद्धालु पोन्नमबालामेडु में मकरज्योति के दर्शन करेंगे। उत्सव में भगवान अय्यप्पा के आभूषण, थिरुवा भरणम के साथ शोभा यात्रा सहित कई अनुष्ठान होंगे।




